टिब्बा रोड के इलाके में एक झोलाछाप महिला ने गर्भवती महिला की अपने घर पर ही डिलीवरी कर दी। इससे महिला और उसके नवजात बच्चे की मौत हो गई। इतनी बड़ी लापरवाही की बात जब थाना टिब्बा रोड पुलिस के पास पहुंची तो पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मामले की जांच के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की पहचान सिमरन (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने महिला पर कार्रवाई की बजाए उन दोनों पक्षों का समझौता करवा दिया। सोमवार को सिविल अस्पताल में महिला का पोस्टमार्टम हुआ, जहां डॉ. मोनिका, डॉ. अतिश और डॉ. जगदीप के एक बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया।
जानकारी के मुताबिक सिमरन की शादी टिब्बा रोड़ के रहने वाले एक युवक से हुई थी। सिमरन की डिलीवरी का समय था। परिवार नजदीक ही रहने वाली एक महिला नर्स से उसका चेकअप करवा रहे थे। उस नर्स ने अपने घर में नर्सिंग होम खोल रखा है, खुद एक प्राइवेट नर्सिंग होम में काम करती है।
उक्त झोलाछाप महिला ने सिमरन की डिलीवरी घर पर ही कर दी। इस दौरान नवजात की मौत हो गई, जबकि कुछ ही समय बाद हालत बिगड़ने से सिमरन की भी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला के पास न कोई डिग्री है, और न ही कोई लाइसेंस। फिर भी पुलिस ने उस पर कोई कार्रवाई नहीं की। उधर, जब इस बारे में थाना टिब्बा के जांच अधिकारी से बात सुखपाल सिंह से बात की गई तो उनका कहना था कि इस मामले में परिवार ने समझौता कर दिया है। उधर, अस्सिटेंट
असिस्टेंट सिविल सर्जन डॉ. विवेक कटारिया ने बताया कि उनके ध्यान में यह मामला नहीं था। अब उनके ध्यान में मामला आया है। संबंधित विभाग से कहकर इसे चेक करवाया जाएगा और घर में डिलीवरी करने वाली महिला के खिलाफ बनती कार्रवाई की जाएगी।