एसडीएम के कार्यालय में न मिलने पर नरोत्तम नगर के रहने वाले सतपाल के परिवार को मानसिक संताप से गुजरना पड़ा। लोक सेवा क्लब के प्रधान पीडी बंसल ने बताया कि वसंत पंचमी वाले दिन नरोत्तम नगर में रहने वाले सतपाल के बेटे सुनील (20) पतंग उड़ाते वक्त छत से नीचे गिरकर मौत हो गई थी।
परिजन अपने बेटे का पोस्टमार्टम नहीं करवाना चाहते थे। सरकारी अस्पताल के डॉक्टर ने कहा कि वे बिना पोस्टमार्टम के शव तभी देंगे, जब खन्ना एसडीएम उन्हें लिखकर देंगे।
सतपाल ने एसडीएम परमदीप सिंह को लिखा था कि वह लोग अपने बेटे का पोस्टमार्टम नहीं करवाना चाहते। वे एसडीएम से मिलने के लिए दो दिन भटकते रहे लेकिन एसडीएम उनको नहीं मिले। बंसल ने आरोप लगाया कि मजबूरन परिवार को अपने बेटे का पोस्टमार्टम करवाना पड़ा।
वहीं सिविल सर्जन लुधियाना रेनु छतवाल ने कहा कि अगर परिवार एसडीएम को लिखकर दे कि वह पोस्टमार्टम नहीं करवाना चाहते तो पोस्टमार्टम नहीं किया जा सकता। वहीं इस संबंध में बार-बार संपर्क करने के बावजूद एसडीएम ने फोन नहीं उठाया।