लुधियाना में घर से दोस्त के साथ घूमने के लिए निकले भामियां रोड निवासी दीपक कुमार की हत्या के मामले में थाना जमालपुर की पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात के समय इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली गई है।
इस मामले में पुलिस ने भामियां कलां निवासी मुनीष कुमार, प्रेम नगर निवासी दीपक शर्मा और रसीला नगर निवासी आशीष पांडे के रूप में की गई। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। उनको दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों से की गई पूछताछ में मालूम पड़ा है कि रास्ता रोकने पर हुई बहस के बाद तीन युवकों ने दीपक को मौत के घाट उतार दिया था। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए।
यह भी पढ़ें: वीआईपी ट्रीटमेंट का आरोप: युवराज सिंह को हरियाणा पुलिस ने किया गिरफ्तार, पूछताछ के बाद छोड़ा, जानें क्या है मामला
ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर डॉ. सचिन गुप्ता ने बताया कि दीपक अपने दोस्त बादल और सोनू के साथ बाइक पर सवार दशहरे वाले दिन बादल के जीजा रिंकू के घर चले गए। वहां चारों लोगों ने शराब पी और उसके बाद नशे में धुत थे। तीनों बाइक पर सवार होकर घर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में आरोपियों ने रास्ता रोक रखा था। रास्ता देने को लेकर आरोपियों के साथ उनकी बहस हो गई।
बादल ने बाइक साइड से निकाल ली। आरोपियों के साथ कहासुनी के बाद आरोपियों ने तीनों का रास्ता रोक लिया और दीपक के साथ मारपीट कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया और फरार हो गए। जब बादल और सोनू उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे तो दीपक की मौत हो चुकी थी। जिसके बाद इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने इस मामले की जांच की तो सारी फुटेज और अन्य थ्योरियों पर काम किया गया।