पड़ोसियों के बंद घर में छत के जरिए घुसे एक युवक ने अपने साथी के साथ लाखों रुपये के जेवर, नगदी और एटीएम चोरी कर लिया। आरोपी ने घर की मालकिन देवकी देवी के एटीएम से बीस दिनों के अंदर अंदर दो लाख रुपये की नगदी निकलवा दी। घटना का पता उस समय चला जब देवकी देवी घर पहुंची। उसने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस ने बैंक के जरिए एटीएम की सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकलवाई तो पता चला कि चोरी करने वाला उनका पड़ोसी ही है। पुलिस ने देवकी देवी की शिकायत पर उनके पड़ोसी नोलक्खा कालोनी निवासी राजन कुमार के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
देवकी देवी की बेटी प्रीति ने कहा कि उसकी मां नौ-लक्खा कालोनी में रहती है, जबकि वह सलेम टाबरी में रहती है। 6 अगस्त को उसकी मां उसके घर आई हुई थी। इसके बाद 27 अगस्त को वापस गई। वहां जाकर पता चला कि अलमारियों के ताले टूटे हुए थे। अलमारी में पड़े 40 हजार कैश, 6 तोले सोने के गहने और एटीएम गायब था। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
प्रीति का कहना है कि इसके बाद वह एटीएम बंद करवाने बैंक पहुंचे। वहा पता चला कि चोर ने पहले ही उनके अकाउंट से एटीएम की मदद से दो लाख रुपये निकलवा चुका है। जब उन्होंने एटीएम की सीसीटीवी फुटेज देखी, तो चोर उनका पड़ोसी ही निकला। जांच अधिकारी गुरमेल सिंह का कहना है कि आरोपी को काबू कर लिया गया है। अभी उसे बरामदगी बाकी है। पूछताछ की जा रही है। शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि आरोपी राजन के साथ चोरी की वारदात करने में उसका एक साथी भी था।