शहीद भगत सिंह नगर इलाके में करियाना की दुकान चलाते चलाते एक व्यक्ति ने शराब की तस्करी शुरू कर दी। आरोपी मालेरकोटला इलाके से सस्ते भाव में शराब लाकर महंगे भाव में बेचता था। पुलिस ने आरोपी को बाबा जसवंत सिंह डेंटल कॉलेज के पास नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से नाकाबंदी के दौरान एक पेटी और बाद में उसकी निशानदेही पर 22 पेटियां ओर बरामद की गई। पुलिस ने इस मामले में शेरपुर कलां स्थित शहीद भगत सिंह कालोनी निवासी सुरेश कुमार के खिलाफ थाना मोती नगर में एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
एंटी नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर राजेश शर्मा के मुताबिक पुलिस ने बाबा जसवंत सिंह डेंटल कॉलेज के पास नाकाबंदी कर रखी थी। आरोपी शराब सप्लाई करने के लिए जा रहा था। नाकाबंदी के दौरान आरोपी को रोककर उससे परमिट की मांग की गई। आरोपी कुछ नहीं दिखा सका। सख्ती से पूछताछ पर आरोपी ने कहा कि वह शराब तस्करी करता है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से 22 पेटी शराब बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने कहा कि उसकी करियाने की दुकान है। दुकान के साथ-साथ वह पिछले छह महीने से शराब का धंधा कर रहा है।