गांव स्नेत से होकर गुजरने वाली फिरोजपुर रेलवे लाइन पर लोगों ने एक युवक का शव देखा। सूचना मिलने के बाद थाना जीआरपी और जगरांव जीआरपी से मुलाजिम मौके पर पहुंचे। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या करने के बाद शव को रेलवे लाइनों पर फेंक दिया गया है। युवक के सिर और माथे पर चोट के निशान हैं। मृतक की पहचान गांव स्नेत के सुनील कुमार के रुप में हुई है। थाना जीआरपी के मुलाजिमों ने फिलहाल 174 की कार्रवाई की है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद स्पष्ट हो सकेगा कि सुनील की मौत कैसे हुई है।
जगरांव जीआरपी में तैनात हेड कांस्टेबल जसपाल सिंह ने कहा कि सुनील वीरवार को छुट्टी होने के कारण दोपहर 12 बजे घर से घूमने के लिए निकला था। शाम को उसके परिजनों ने उसे रेलवे लाइनों के पास देखा और घर आने के लिए कहा। उसने परिजनों से कहा कि वह थोड़ी देर में घर आ रहा है। काफी समय तक घर न पहुंचने पर सुनील के परिजन उसे रेलवे लाइनों पर देखने के लिए पहुंचे, लेकिन वह वहां नहीं था। उन्होंने सुनील की तलाश शुरू कर दी। सारी रात तलाश करने पर भी सुनील नहीं मिला। जसपाल सिंह ने कहा कि जिस जगह वीरवार शाम को सुनील के परिजनों ने उसे देखा था। उससे महज 50 कदम दूर किसी राहगीर ने शुक्रवार की सुबह सुनील का शव देखा। उसने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। जसपाल के मुताबिक सुनील के माथे पर चोट के निशान है। अभी यह नहीं कहा जा सकता कि सुनील की मौत कैसे हुई है। पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि सुनील की मौत कैसे हुई है।