फेसबुक पर दोस्ती के बाद एक एनआरआई ने तलाकशुदा युवती से सगाई कर ली। आरोपी ने उसे कनाडा ले जाकर शादी करने का झांसा दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। काफी समय तक वह उसे बुलाने का झांसा देता रहा लेकिन बाद में मुकर गया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस को इसकी शिकायत की। पुलिस ने जांच में आरोप सही पाए। थाना दुगरी की पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर जालंधर स्थित न्यू दियोल नगर की राजू कालोनी निवासी सुखराज मल्लन के खिलाफ दुष्कर्म और धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, 2002 में उसकी शादी हुई थी, लेकिन पति के साथ विवाद के चलते 2012 में उसका तलाक हो गया। 2017 में सोशल मीडिया के जरिये उसकी मुलाकात आरोपी सुखराज मल्लन के साथ हो गई। दोनों में दोस्ती हो गई और करीब एक साल बाद दोनों ने शादी करने का फैसला ले लिया। आरोपी ने उसे कहा कि वह जून 2018 में भारत आएगा और उसके बाद उससे शादी करेगा।