कुछ दिन पहले लुधियाना में एमबीए के छात्र राजवीर सिंह खैहरा की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार राजवीर की हत्या उसके दोस्त जुगाद सिंह सेखों ने की, जो उसके साथ मिलकर स्पेयर पार्ट्स का कारोबार शुरू करने की योजना बना रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच रुपयों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ, जो जानलेवा साबित हुआ।
पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात वाले दिन दोनों एक ही कार में घर से निकले थे। रास्ते में पैसों को लेकर कहासुनी हुई, जो झड़प में बदल गई। इसी दौरान जुगाद सिंह ने राजवीर के पेट में गोली मार दी। गोली नाभि से करीब चार इंच नीचे लगी। गंभीर रूप से घायल राजवीर को डीएमसी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
राजवीर सिंह और जुगाद सिंह दोनों पंजाब यूनिवर्सिटी के रीजनल सेंटर, एक्सटेंशन लाइब्रेरी, लुधियाना से एमबीए की पढ़ाई कर रहे थे। एमबीए में दाखिला लेने के बाद ही दोनों की दोस्ती हुई थी और पढ़ाई के साथ-साथ मिलकर कारोबार करने की योजना बनाई थी। पुलिस के अनुसार दोनों पिछले करीब दो माह से एक-दूसरे के घर आने-जाने लगे थे।
परिवार का इकलौता था राजवीर
मृतक के पिता जसवीर सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि करीब दो माह पहले जुगाद सिंह उनके घर आया था और उस समय उसके पास हथियार भी था। पुलिस अब आरोपी के हथियार और उसके लाइसेंस से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है। हत्या वाले दिन दोपहर करीब 12 बजे जुगाद अपनी कार से उनके घर आया और राजवीर को बाहर बुलाकर ले गया। राजवीर ने घर से निकलते वक्त भी कहा था कि वह दोस्त के साथ जा रहा है। शाम करीब 4:50 बजे राजवीर के मोबाइल से परिवार को कॉल आई, जिसमें उन्हें डीएमसी अस्पताल पहुंचने को कहा गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने राजवीर की मौत की पुष्टि कर दी। राजवीर अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।
परिवार ने दोस्त पर जताया था शक
पीएयू थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विजय कुमार ने बताया कि गांव तलवाड़ा के पास लोगों से सूचना मिली थी कि एक युवक सड़क पर खून से लथपथ पड़ा है और उसे गोली मारी गई है। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। मृतक की पहचान होने के बाद परिवार को सूचना दी गई। परिजनों ने शुरुआत से ही दोस्त पर शक जताया था।
क्या कहती है पुलिस
एसएचओ विजय कुमार ने बताया कि पिता के बयान पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने रुपयों के विवाद में हत्या की बात कबूली है। मामले की विशेष रिपोर्ट उच्च अधिकारियों और क्षेत्रीय मजिस्ट्रेट को भेज दी गई है। जांच अभी जारी है।