मिल्लरगंज के इंडस्ट्रियल इलाके में बाइक सवार दो युवकों ने दिनदहाड़े स्क्रैप कारोबारी की दुकान में घुसकर आंखों में मिर्ची डाल तेजधार हथियार के दम पर दो लाख रुपये की नकदी लूट ली। कारोबारी जतिंदर नागपाल ने शोर मचाया लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस के आलाधिकारी और थाना डिविजन छह की पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने इस मामले में बसंत एवेन्यू निवासी जतिंदर नागपाल की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक करने शुरू कर दिए है ताकि कोई सुराग मिल सके।
पुलिस को दी शिकायत में बसंत एवेन्यू निवासी जतिंदर नागपाल ने बताया कि नीलम साइकिल इंडस्ट्रियल इस्टेट के पास उनकी कंचन मैन्युफैक्चर्स एंड ट्रेडर्स के नाम से दुकान है। हर रोज की तरह बुधवार सुबह करीब 10 बजे दुकान खोलने के बाद जैसे ही वह अंदर जाने लगे। उसी दौरान मोटरसाइकिल पर आए बदमाशों ने उनकी आंख में मिर्ची पाउडर डाल दिया।
खतरा भांपते ही जतिंदर नागपाल ने नगदी वाला बैग एसी के नीचे छिपा दिया। मगर लुटेरों को शायद उसके बारे में पूरा पता था। दोनों ने उसे जान से मारने की धमकी दी, जिस पर जतिंदर ने बैग निकाल कर उनके हवाले कर दिया। बैग मिलते ही दोनों फरार हो गए। उन्होंने बताया कि दोनों लुटेरे पगड़ीधारी थे और उन्होंने अपने चेहरे कपड़े से छिपा रखे थे।
आरोपियों के फरार होते ही जतिंदर ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। जांच अधिकारी चौकी मिल्लरगंज के इंचार्ज एएसआई बलबीर सिंह ने बताया कि अभी तक की जांच में कुछ पता नहीं चल पाया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए थे लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस की टीमें अलग-अलग एंगल पर काम करने में जुटी है। जल्द ही आरोपियों का पता लगा लिया जाएगा।