हथियार दिखाकर लूटपाट करने वाले गिरोह में अब महिलाएं भी शामिल हो गई है। मॉडल टाउन एक्सटेंशन इलाके में रविवार दोपहर को सीनियर कांग्रेसी नेता धर्मवीर की पत्नी कमलेश कुमारी को कार सवार महिला लुटेरा गिरोह की सदस्यों ने लूट लिया। आरोपियों ने उन्हें जबरदस्ती कार में बिठाया और उनसे जेवरात लूट लिए। जब तक कमलेश कुमारी कुछ कर पाती, आरोपी फरार हो गई थीं।
सूचना मिलने के बाद थाना शहीद भगत सिंह नगर की पुलिस मौके पर पहुंची। सीनियर कांग्रेसी नेता की पत्नी से लूट की सूचना मिलते ही सांसद रवनीत सिंह बिट्टू और विधायक भारत भूषण आशु भी उनके घर पहुंचे। सांसद बिट्टू ने पुलिस कमिश्नर जतिंदर सिंह औलख से बात कर आरोपियों को जल्द पकड़ने की मांग की। पुलिस कमिश्नर ने उन्हें इस मामले में सही कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कांग्रेसी नेता धर्मवीर ने कहा कि उनकी पत्नी रविवार दोपहर इलाके में ही स्थित मेडिकल स्टोर से दवा लेने गई थी। जब वह घर आ रही थी तो एक कार उनके पास आकर रुकी। इसी दौरान कार में से एक महिला ने आवाज दी कि कार में उनके रिश्तेदार बैठे हैं, वह उनसे मिल ले। कमलेश जब गाड़ी की तरफ बढ़ी तो महिला ने उसको गाड़ी में खींच लिया।
उन्होंने कमलेश के पहने हुए जेवरात लूट लिए और उसे गाड़ी से धक्का देकर फरार हो गई। जब तक कमलेश कुमारी कुछ कर पातीं, लुटेरे फरार हो चुके थे। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी अपने पति को दी। थाना शहीद भगत सिंह नगर के एसएचओ राजवंत पाल सिंह ने कहा कि पुलिस के पास शिकायत आ गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।