हैबोवाल के जोशी नगर इलाके में बुटीक पर काम करने वाले दो वर्करों ने अपने ही मालिक को हथियारों के बल पर अगवा करने की कोशिश की। इसी दौरान बुटीक मालिक की पत्नी ने उन्हें देख लिया और शोर मचा दिया।
आस-पास के लोग इकट्ठा हो गए तो दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद थाना डिवीजन चार और चौकी जगतपुरी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हैबोवाल के रहने वाले गुरनाम सिंह और औरगंजेब के खिलाफ अपहरण की कोशिश का मामला दर्ज कर लिया। दोनों आरोपियों को रविवार देर रात ही गिरफ्तार कर लिया गया। सोमवार को आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से दोनों को रिमांड पर भेज दिया गया है।
बुटीक मालिक सुनील कुमार ने कहा कि उसके घर के नीचे ही अनु फैशन के नाम से बुटीक है। पिछले चार साल से औरंगजेब को बतौर दर्जी काम पर रखा हुआ था। काम ज्यादा होने की वजह से उसने गुरनाम को भी रख लिया। रविवार दोपहर को वह और उसकी पत्नी घर पर थे, जबकि उसका बेटा रिश्तेदारों में गया हुआ था। इसी दौरान दोनों कारीगर उसके कमरे में आए।
दोनों के हाथ में हथियार, काले रंग की टेप और रस्सियां थी। आरोपियों ने आते ही उसके मुंह पर टेप लगाई और उसके हाथ बांधने लगे। जब वह चिल्लाया तो उसकी पत्नी कमरे में आ गई। उसकी पत्नी ने शोर मचा दिया तो आरोपी उन्हें धक्का देकर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी औरंगजेब और गुरनाम सिंह, बुटीक मालिक को अगवा कर उसके परिवार वालों से मोटी फिरौती लेना चाहते थे। पूछताछ में आरोपियों ने यह भी बताया है कि लोगों के इकट्ठा होने के कारण उनका प्लान चौपट हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से काले रंग की टेप और रस्सियां भी बरामद कर ली हैं। चौकी जगतपुरी के इंचार्ज हरजीत सिंह ने कहा कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।