अमेरिका के कैलिफोर्निया से सात साल पहले भारत लौटे संत ईश्वर सिंह फ्लैट्स में रहने वाले एनआरआई रमिंदर सिंह को 14 जनवरी दिल्ली जाते समय किसी ने अगवा कर लिया। अभी तक किसी ने उनके परिजनों को फोन कर कोई फिरौती तो नहीं मांगी है, लेकिन 26 जनवरी तक वाट्सऐप पर हुई चैटिंग से परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई है।
उन्होंने इस बारे में थाना डिवीजन पांच की पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने इस मामले में डेहलों के गांव उम्मैदपुर निवासी कुलबहार सिंह की शिकायत पर अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है।
रमिंदर सिंह के भांजे कुलबहार सिंह ने बताया कि वह अमेरिका के कैलिफोर्निया शहर में रहते थे। 2007 में भारत लौटने के बाद से वह अमेरिका नहीं गए। उनका पूरा परिवार वहीं पर रहता है। 14 जनवरी को दिल्ली में रहने वाले उनके दोस्त शिरी के बेटे का जन्मदिन था। उसने दिल्ली स्थित अपने घर पर पार्टी का आयोजन किया था।
रमिंदर सिंह अपनी मारुति कार से दिल्ली के लिए रवाना हुआ, लेकिन वह दिल्ली नहीं पहुंचा। कुलबहार सिंह ने कहा कि जब उन्हें इस बारे में पता चला तो उन्होंने रमिंदर के फोन पर संपर्क करना चाहा, लेकिन फोन बंद था। 26 जनवरी तक रमिंदर के पहचान वालों की वाट्सऐप पर उनके साथ चैटिंग होती रही। चैटिंग में इस्तेमाल की जाने वाली भाषा से परिजनों को आशंका हुई कि यह भाषा रमिंदर की नहीं है।
इसी दौरान शिरी ने चैटिंग के दौरान लिखा कि अगर वह रमिंदर है तो उन्हें फोन करे और बताएं कहां पर है, नहीं तो वह उसकी पुलिस में शिकायत करेगा। इसके बाद वाट्सऐप पर चेटिंग भी बंद हो गई। इससे परिजनों की आशंका बढ़ गई कि किसी ने उसका अपहरण कर लिया है। परिजनों ने तुरंत इसकी शिकायत पुलिस के पास की। जांच के दौरान पता चला कि रमिंदर के फोन की लास्ट लोकेशन 14 जनवरी की रात जालंधर की थी। जांच अधिकारी मलकीत सिंह ने कहा कि पुलिस रमिंदर के बारे में पूरी जानकारी जुटा रही है। उसके फोन काल्स की डिटेल भी निकलवाई जा रही है। पुलिस जल्द ही मामले का हल निकाल लेगी।