थाना सरहिंद पुलिस ने एक फाइनेंसर पर एक दलित बुजुर्ग को धमकाने और उसे खुदकुशी के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार पिछले दिनों सरहिंद के वार्ड नंबर आठ निवासी शेर सिंह ने फाइनेंसर करमजीत सिंह निवासी हमायूंपुर सरहिंद की धक्केशाही से तंग आकर जहर निगलकर खुदकुशी करने की कोशिश की थी। उसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाना गया। फिलहाल वह स्वस्थ है।
शेर सिंह की पत्नी ने बताया कि उसके पति ने 2008 में फाइनेंसर करमजीत सिंह के पास अपना मकान गिरवी रखकर तीन लाख रुपये बेटी की शादी के लिए कर्ज लिया था। इसमें से दो लाख रुपये उन्होंने 4 माह में ही लौटा दिए थे, लेकिन फाइनेंसर ने यह कह कर उनको रसीद नहीं दी थी कि अभी उनके पास लॉकर की चाबी नहीं है। फाइनेंसर के पास मकान का बयाना लिखा होने के कारण उसने कोर्ट में शेर सिंह के खिलाफ केस दायर कर दिया। उन्होंने लोगों की मदद से फाइनेंसर को ऐसा ना करने और बाकी पेमेंट भी ब्याज समेत चुकता करने का वादा किया।
इसी दौरान फाइनेंसर उनकी पहले दी हुई दो लाख रुपये की पेमेंट से मुकर गया। शेर सिंह द्वारा पहले दिए दो लाख रुपयों की रसीद न होने के चलते कोर्ट ने उनकी जमीन की रजिस्टरी करवाने का फैसला सुना दिया। इसकी रजिस्टरी वीरवार को होनी थी। 19 जनवरी को उसके पति दोबारा पैसे देने के लिए फाइनेंसर के पास गए, लेकिन उसने पैसे लेने से इंकार कर दिया और 24 लाख रुपये की मांग कर डाली। परेशान होकर शेर सिंह ने जहर निगल लिया। थाना सरहिंद के एसएचओ गुरवंत सिंह ने बताया कि इस मामले की जांच सहायक थानेदार करतार सिंह कर रहे हैं और पुलिस ने फाइनेंसर करमजीत सिंह पर एससी एक्ट, धारा 323 और 506 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।