गांव आलमगीर में विधायक दर्शन सिंह शिवालिक के प्रोगाम के दौरान कुछ लोगों ने गांव के सरपंच से मारपीट की और उसकी पगड़ी उतार दी। मारपीट के बाद आरोपी मौके से भाग गए। थाना डेहलों की पुलिस ने सरपंच जगदीप सिंह की शिकायत पर प्रेम सिंह, उसके पिता नाहर सिंह, सतनाम सिंह और प्रकाश सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जगदीप सिंह ने बताया कि वह गांव आलमगीर का सरपंच है। गांव के विकास के लिए विधायक दर्शन सिंह शिवालिक ने चेक भेंट करना था। इसलिए 26 मार्च को गांव में समारोह रखा गया था। समारोह में विधायक ने गांव के लिए 6 लाख रुपये का चेक दिया। इस दौरान आरोपी प्रेम सिंह, नाहर सिंह, सतनाम सिंह और प्रकाश सिंह गलत बयानबाजी करने लगे। उन्हें समारोह से बाहर निकाल दिया गया।
जगदीप सिंह का कहना है कि जैसे ही शिवालिक बाहर निकलने लगे, पीछे से आरोपियों ने उस पर हमला बोल दिया। उससे मारपीट कर उसके कपड़े फाड़ दिए और पगड़ी उतार दी। थाना डेहलो के जांच अधिकारी रंजीत सिंह का कहना है कि मारपीट करने वाले चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी नाहर सिंह को काबू कर लिया है, जबकि बाकी आरोपी अभी फरार हैं। आरोपियों की तलाश की जा रही है।