जिम खुलने का इंतजार कर रहे गांव झम्मट के अकाली सरपंच भूपिंदर सिंह गरेवाल को मंगलवार सुबह उसी के भाई ने गोली मार दी।
सरपंच को तुरंत जिम का ट्रेनर डीएमसी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सारी वारदात सीसीटीवी कैमरे मेें कैद हो गई।
पुलिस ने जांच के लिए कैमरा फुटेज को कब्जे में ले लिया है। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। थाना हैबोवाल के प्रभारी अमरजीत सिंह का कहना है कि मृतक के चाचा मनजीत सिंह की शिकायत पर नरिंदर सिंह और सोनी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
मृतक के चाचा मनजीत सिंह ने बताया कि सुबह करीब पौने छह बजे गांव से करीब एक किलोमीटर दूर सरपंच भूपिंदर अपनी इनोवा कार में जिम खुलने का इंतजार कर रहा था।
तभी उसका छोटा भाई नरिंदर सिंह अपने साथी सोनी घवद्दी के साथ वहां पहुंचा और भूपिंदर पर छह गोलियां चला दीं। इसके बाद आरोपी अपनी स्विफ्ट कार में फरार हो गए।
भूपिंदर के सिर, छाती और पेट में गोलियां लगीं। उन्होंने बताया कि नरिंदर अकसर गलत हरकतें करता था, भूपिंदर उसे ऐसा करने से रोकता था।
इस पर दोनों में तकरार रहती थी। पांच-छह माह पहले भी नरिंदर ने भूपिंदर के दोनों बच्चों और ड्राइवर को भी धमकाया था। बाद में यह मामला परिवार के सदस्यों ने आपस में बैठकर सुलझा लिया था।
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि भूपिंदर इनोवा कार में बैठा है। तभी टी-शर्ट, निक्कर और टोपी पहने नरिंदर वहां आता है और इनोवा का दरवाजा खोल कर ड्राइवर सीट पर बैठे भूपिंदर पर गोलियां चला देता है। इतने में उसका साथी भी वहां पहुंच जाता है।
एसीपी रछपाल सिंह ढींढसा का कहना है कि आपसी रंजिश में ही नरिंदर ने अपने भाई की हत्या की है। पुलिस नरिंदर का पिछला रिकार्ड भी चेक कर रही है।
दोनों में किस तरह की रंजिश थी, इसकी भी जांच की जा रही है। बताया जाता है कि भूपिंदर सिंह शिअद के विधायक दर्शन सिंह शिवालिक और मनप्रीत सिंह अयाली का नजदीकी था।
डीएमसी अस्पताल में विधायक मनप्रीत सिंह अयाली भी पहुंचे और वारदात के बारे में परिवार के सदस्यों से जानकारी हासिल की।