बीमा एजेंट के खिलाफ धोखाधड़ी का केस
धारकों की पालिसी के दस्तावेज गुम होने की शिकायत देकर खुद लिया लोन
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। बीमा एजेंट के खिलाफ अपने ही पालिसी धारकों के साथ धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। एजेंट ने धारकों की पालिसी के दस्तावेज गुम होने की शिकायत दफ्तर में दे खुद जाली कागजात लगाकर लोन ले लिया। जब लोन की किस्त नहीं पहुंची तो धारकों को फोन गया तो सारा मामला खुल गया। थाना माडल टाऊन की पुलिस ने लाइफ इंश्योरेंस कार्पोरेशन ऑफ इंडिया की ब्रांच मैनेजर राजकुमारी की शिकायत पर आरोपी एजेंट वरुण जारी के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
ब्रांच मैनेजर राज कुमारी की शिकायत के मुताबिक एजेंट वरुण जारी ने रविंदर चोपड़ा, उसकी पत्नी गीता चोपड़ा और उसके बेटे साहिल चोपड़ा की पॉलिसी की थी। उनके दस्तावेज भी आरोपी के पास ही थे। आरोपी ने साजिश के तहत ऑफिस में शिकायत दी कि उक्त धारकों की पॉलिसी बांड गुम हो गया है। इसके बाद आरोपी ने खुद ही धारकों के दस्तावेज तैयार किए और जाली साइन कर उनकी डुप्लीकेट पॉलिसी निकलवा ली। इसके बाद आरोपी ने उन पॉलिसी पर लोन लिया। आरोपी ने कुछ पैसे जाली खातों में ट्रांसफर किया और कुछ अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। ब्रांच मैनेजर राजकुमारी का कहना है कि जब उन्हें इसका पता चला तो उन्होंने पुलिस को शिकायत दे दी। चार महीने की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी एजेंट वरुण के खिलाफ कार्रवाई की है। वहीं, जांच अधिकारी सुदर्शन कुमार का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है। उसे जल्द काबू कर लिया जाएगा।
इसी तरह दूसरे मामले में एलआईसी की मनी बैक पॉलिसी के तहत आने वाले को किसी अज्ञात व्यक्ति ने हड़प लिए। शाम नगर स्थित एलआईसी ऑफिस के ब्रांच मैनेजर सुरिंदर गुप्ता ने बताया कि अलग-अलग पॉलिसी धारकों के मनी बैक वाले चेक किसी अज्ञात व्यक्ति ने धोखे से हासिल कर लिए और उनके जाली दस्तावेजों पर खाते खुलवाकर चेक कैश करवा लिए। आरोपी ने कुल 1.53 लाख रुपये के चेक कैश करवाएं है। थाना डिवीजन नंबर-5 की पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।