जीजा से बदला लेने को साले ने कराई लूट
टेलर के घर से छह लाख लूटने का मामला
बहन को तंग करने पर जीजा से था खफा
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। शिमलापुरी की गली नंबर दस में पिछले महीने टेलर जगन्नाथ के घर से छह लाख रुपये लूटने की वारदात बेटे प्रिंस के साले ने कराई थी। आरोपी साले ने अपने दोस्त और उसके तीन साथियों से वारदात को अंजाम दिलवाया था। आरोपी अपनी बहन को उसके ससुराल द्वारा परेशान किए जाने के कारण तंग था। पुलिस ने आरोपी पुनीत नगर निवासी प्रदीप कुमार उर्फ पंकज को गिरफ्तार कर लिया है। उसका दोस्त कुलविंदर सिंह उर्फ बिल्ला और उसके साथी अभी फरार है।
थाना शिमलापुरी के एसएचओ इंस्पेक्टर दविंदर सिंह ने बताया कि पांच अक्तूबर को जगन्नाथ, उसकी मां और पत्नी घर में मौजूद थी। इसी दौरान आरोपी कुलविंदर बिल्ला घर में घुसा और उसके बेटे प्रिंस के दोस्त के घर बेटा होने की बात कह कर अंदर घुस आया। आरोपी ने उसकी मां के बेड नीचे पड़े बैग को उठाया और फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में कई थ्योरियों पर काम किया तो जांच आकर प्रिंस के साले प्रदीप पर जा टिकी। पुलिस ने जांच के बाद जब आरोपी को काबू किया तो प्रदीप ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन की शादी जगन्नाथ के बेटे प्रिंस के साथ हुई थी।
शादी के बाद से ही सारा परिवार और प्रिंस उसकी बहन से मारपीट करते थे। वह अपने जीजा को सबक सिखाना चाहता था। उसे सारा मालूम था कि जीजा कब घर होता है और कब सारा परिवार। उसने अपने दोस्त बिल्ला के साथ वारदात को अंजाम देने के लिए मनाया। बिल्ला ने वारदात को अंजाम देने के लिए अपने तीन साथियों को साथ में लिया। पांच अक्तूबर को आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक आरोपी से पूछताछ कर उसके फरार साथियों का पता लगाया जा रहा है।