चोरी की कार, बाइक के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार
कार पर लगा रखी थी जाली नंबर प्लेट, जांच में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। पलक झपकते ही वाहन चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्यों को सीआईए वन की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को जालंधर बाईपास के पास नाकाबंदी के दौरान पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने चोरी की एक कार और एक बाइक बरामद की है। आरोपियों ने कार पर जाली नंबर प्लेट लगा रखी थी। थाना सलेम टाबरी पुलिस ने आरोपी अजय कुमार निवासी मोहल्ला पीरुबंदा, रवि निवासी इंद्रा कालोनी, फिरोजपुर और विलियम निवासी भट्टियां सिटी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने जालंधर बाईपास के पास नाकाबंदी के दौरान आरोपियों को रोक लिया। उनसे वाहनों के कागजात मांगे गए, लेकिन आरोपियों ने कोई ठोस जवाब नहीं दिया। सख्ती से पूछताछ पर आरोपियों ने बताया कि कार और बाइक चोरी के हैं। उन्होंने यह वाहन कुछ समय पहले ही चोरी किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई थानों में चोरी के मामले दर्ज हैं।