वेयर हाउस के गोदाम से 211 कट्टे गेहूं चोरी
पुलिस ने रंगे हाथ छह आरोपियों को किया गिरफ्तार, दो फरार
अमर उजाला ब्यूरो
मोगा। थाना निहाल सिंह वाला की पुलिस पार्टी ने एक मुखबिर की सूचना पर पंजाब स्टेट वेयर हाउस कारपोरेशन का गेहूं चोरी करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
थाना निहाल सिंह वाला के प्रभारी इंस्पेक्टर सुरजीत सिंह ने बताया कि एमएस छिंदरपाल सिंह गोदाम में पंजाब स्टेट वेयर हाउस कारपोरेशन का गेहूं स्टोर किया गया है। पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी कि पंजाब स्टेट वेयर हाउस कारपोरेशन के मैनेजर और गोदाम के अटेंडेंट लखवीर सिंह की ओर से लेबर को साथ लेकर दिनदहाड़े उक्त गोदाम से गेहूं चोरी करके ट्रक में लादा जा रहा है।
थाना निहाल सिंह वाला के सब इंस्पेक्टर बलराज मोहन को पुलिस पार्टी के साथ मौके पर भेजा। पुलिस ने पंजाब स्टेट वेयर हाउस कारपोरेशन के मैनेजर संदीप सिंह के अलावा लेबर के सदस्यों मनजीत सिंह निवासी गांव रणसिंह कलां, रंजीत सिंह निवासी गांव नंगल, हरजीत सिंह निवासी गांव रणसींह कलां, जिंदर सिंह निवासी गांव रणसिंह कलां के अलावा ट्रक ड्राइवर धर्मपाल सिंह निवासी निहाल सिंह वाला को मौके से ट्रक पर गेहूं लादते हुए मौके से काबू कर लिया। उन्होंने ट्रक में लादे 211 कट्टे गेहूं को भी कब्जे में ले लिया। गोदाम के अटेंडेंट लखवीर सिंह, विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की निवासी निहाल सिंह वाला मौके से फरार होने में सफल हो गए।
थाना प्रभारी सुरजीत सिंह ने बताया कि उक्त व्यक्तियों के खिलाफ थाना निहाल सिंह वाला में मामला दर्ज कर कथित आरोपियों का पुलिस रिमांड लेकर बारीकी से पूछताछ की जाएगी। कुछ दिन पहले पंजाब स्टेट वेयर हाउस कारपोरेशन के गोदाम से चोरों ने 485 कट्टे गेहूं चोरी कर लिया।