चोरी की बाइक से करते थे लूट, तीन काबू
आरोपियों से एक मोटरसाइकिल, 20 मोबाइल फोन बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
चोरी की बाइक पर सवार होकर राहगीरों से हथियारों के बल लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले लुटेरा गिरोह के तीन सदस्यों को थाना सदर की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गांव फुल्लावाल के पास नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने एक मोटरसाइकिल और 20 मोबाइल फोन बरामद किए है। पुलिस ने इस मामले में माडल टाऊन के रहने वाले बिक्रमजीत सिंह, अब्दुल्लापुर बस्ती निवासी शिवम व धूरी लाइन स्थित मोहल्ला करतार नगर निवासी मंदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों को शनिवार अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी हुई है।
एडीसीपी 3 गुरप्रीत कौर पूरेवाल ने बताया कि थाना सदर की पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान आरोपी इलाके में बाइक पर सवार होकर घूम रहे है। पुलिस को किसी ने सूचना दी कि आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। पुलिस ने आरोपियों को नाकाबंदी के दौरान रोक कर बाइक के कागजात की मांग की।
आरोपी कोई ठोस जवाब नहीं दे सके। सख्ती से पूछताछ पर आरोपियों ने बताया कि यह बाइक चोरी की है और उन्होंने इलाके से चोरी किया है। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस के अनुसार आरोपी हथियारों के बल पर राहगीरों को डरा धमका कर उनका फोन या फिर अन्य सामान लूट थे। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने इलाके में करीब दो दर्जन वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पता लगा रही है कि गिरोह में कितने लोग शामिल है।