डीजे की आड़ में दिल्ली से लाता था हेरोइन, गिरफ्तार
दिल्ली से चार-पांच बार ला चुका है आरोपी हेरोइन की खेप
आरोपी दो दिन के पुलिस रिमांड पर, पूछताछ में जुटी है पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। डीजे सिस्टम वालों के साथ बतौर ड्राइवर काम करने की आड़ में एक युवक ने हेरोइन तस्करी का धंधा शुरू कर दिया। वह दिल्ली से हेरोइन की खेप लाकर महानगर के अलग अलग स्थानों पर सप्लाई करता था। एंटी नारकोटिक्स विभाग की टीम ने आरोपी को टिब्बा रोड पर स्थित डाइंग एरिया में गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 130 ग्राम हेरोइन बरामद की है। मामले में थाना टिब्बा में न्यू शक्ति नगर निवासी रिंकल के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को मंगलवार अदालत में पेश किया। जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी हुई है।
एंटी नारकोटिक्स विभाग के इंचार्ज इंस्पेक्टर सुरिंदरपाल सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी ने इलाके में नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी हेरोइन सप्लाई करने का आदी है और वह डाइंग एरिया में किसी को हेरोइन की सप्लाई देने के लिए जा रहा है। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को डाइंग एरिया में गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हेरोइन सप्लाई की। पुलिस के अनुसार आरोपी डीजे पर काम करता है और उनकी गाड़ी चलाता है। आरोपी डीजे की आड़ में ही हेरोइन तस्करी का धंधा करता था। आरोपी चार से पांच बार दिल्ली के काका नाम के तस्कर से हेरोइन की खेप लाकर सप्लाई कर चुका है। आरोपी सिर्फ सौ ग्राम के आसपास खेप लाकर महानगर में अलग अलग लोगों को सप्लाई करता था। इंस्पेक्टर सुरिंदर पाल ने बताया कि आरोपी डीजे वालों के साथ काम करता है लिहाजा हेरोइन सप्लाई के उसके ग्राहक भी डीजे से संबंधित भी होंगे। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी हुई है कि वह हेरोइन किन लोगों को सप्लाई करता था।