मुक्तसर। कोटकपूरा रोड स्थित पुरानी चुंगी के पास नाई की दुकान पर बाल कटवा रहे युवक पर छह बदमाशों ने हथियारों से हमला बोल दिया कुछ लोगों ने इसका वीडियो बना लिया। पुलिस जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह 11 बजे एक जिम में ट्रेनर का कार्य करने वाला थांदेवाला रोड निवासी अजय कुमार अपने दोस्त सन्नी व सुनील कुमार के साथ पुरानी चुंगी पर कटिंग करवाने पहुंचा था। सन्नी के अनुसार जब वह दुकान में थे कुछ युवक हाथों में बेसबॉल, नल की हत्थी और अन्य हथियार लेकर आ गए। हमलावरों ने अजय को दुकान से बाहर निकाला और बुरी तरह पीटा।
मौके पर कुछ लोगों ने उसे छुड़वाने की कोशिश भी की लेकिन वह असफल रहे। मारपीट में अजय कुमार बेसुध हो गया। उसे कोटकपूरा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हमले में जख्मी हुए अजय कुमार की दादी बलेसरी देवी और दादा अतर सिंह ने बताया कि हमला करने वाले युवक चक्क बीड़ सरकार के रहने वाले हैं। उन्होंने पुरानी रंजिश को लेकर अजय कुमार पर हमला किया है।
उन्होंने बताया कि करीब चार माह पहले भी उक्त युवकों ने पुरानी रंजिश को लेकर अजय पर हमला किया गया था। तब थाना सिटी पुलिस ने दोनों पक्षों में निपटारा करवा दिया था। अजय के पारिवारिक सदस्यों ने पुलिस से हमलावरों को शीघ्र काबू कर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही ऐसा न होने पर संघर्ष शुरू करने की चेतावनी भी दी है। उधर, थाना सिटी के एसएचओ भूपिंदर सिंह ने बताया कि झगड़े की सूचना तो उन्हें मिल चुकी है। पारिवारिक सदस्यों की ओर से अभी पूरी तरह शिकायत नहीं दी गई है। फिर भी जिन लोगों के नाम बताए गए हैं। उनके घरों पर छापामारी की जा रही है।