राहगीरों से मोबाइल फोन छीनने वाले तीन गिरफ्तार
आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के छह मोबाइल फोन बरामद
तीनों आरोपी एक दिन के पुलिस रिमांड पर, पूछताछ में जुटी है पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। बाइक पर सवार हो राहगीरों से मोबाइल फोन लूटने वाले तीन आरोपियों को थाना डिविजन आठ की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को इलाके में की नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने विभिन्न कंपनियों के छह मोबाइल फोन और वारदातों में इस्तेमाल किए जाने वाला बाइक बरामद किया है। आरोपियों की पहचान नवां शहर के किशनपुरा गांव निवासी सरबजीत सिंह उर्फ साबी, परविंदर कुमार उर्फ काका व पवन कुमार के रुप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को वीरवार अदालत में पेश किया। जहां से तीनों को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी हुई है।
थाना डिविजन आठ के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर मोहन लाल ने बताया कि कुछ दिन पहले इलाके में एक मोबाइल फोन छीना गया था। जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरु की तो पता चला कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी इलाके में घूम रहे है और वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। पुलिस ने आरोपियों को इलाके से गिरफ्तार कर लिया। मोहन लाल ने बताया कि पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने इलाके में कई वारदातें की है। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद कुछ दिन के लिए इलाका छोड़ देते थे। आरोपी लूट के मोबाइल फोन भी सस्ते भाव में बेच देते थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी हुई है कि वह लूट की वारदातें करने के बाद मोबाइल फोन किन लोगों को बेचते थे।