पंचायत ऑफिसर से गाली-गलौच, स्टाफ से की धक्कामुक्की
गांव थरीके में अवैध तौर पर सड़क तोड़कर बनाने की शिकायत पर कार्रवाई करने गए थे अधिकारी
पांच लोग नामजद, कई लोगों पर सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने का मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। गांव थरीके में अवैध तौर पर सड़क तोड़ कर दोबारा बनाने की शिकायत मिलने पर कार्रवाई के लिए मौके पर गए बलाक विकास और पंचायत अधिकारियों व सरकारी स्टाफ के साथ कुछ लोगों ने गाली-गलौच की और धक्का मुक्की कर उन्हें भगाने की कोशिश की। सूचना के बाद थाना सदर की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ब्लाक विकास और पंचायत अधिकारी रूपिंदरजीत कौर की शिकायत पर न्यू सुंदर नगर के गुरु ओम शर्मा, गुरमीत सिंह, डा. इंदरजीत सिंह, सिमरजीत सिंह वालिया, सौदागर सिंह के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालना और सरकारी प्रापर्टी को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया है। हालांकि, अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
ब्लॉक विकास और पंचायत अधिकारी लुधियाना (1) रुपिंदरजीत कौर ने बताया कि उन्हें न्यू राजगुरु नगर के रहने वाले करण अग्रवाल ने शिकायत दी थी। उसके घर की गली में कुछ लोग अवैध तौर पर बनी हुई सड़क को तोड़कर दोबारा बना रहे हैं और सरकारी सीवरेज उखाड़ा जा रहा है। रूपिंदरजीत कौर का कहना है कि वहां पूरी सड़क पर पत्थर डाले हुए थे। उन्होंने उक्त कार्य को रोकने के लिए कहा लेकिन वहां के कुछ लोग उनसे झगड़ने लगे, गाली गलौच कर धक्का-मुक्की करने लगे और सरकारी ड्यूटी में बाधा डाली। उधर, जांच अधिकारी एएसआई बलवीर सिंह ने बताया कि पांच लोगों को नामजद कर बाकी अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। अभी कोई आरोपी काबू नहीं किया गया है।