दो युवकों ने किया खुदकुशी करने का प्रयास
एक ने तेजाब पीकर, दूसरे ने फंदा लगाकर की जान देने की कोशिश
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा।
शहर में सोमवार को दो विभिन्न जगहों पर दो युवकों ने खुदकुशी का प्रयास किया। एक युुवक ने तेजाब पीकर तो दूसरे ने फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की। दोनों की पहचान मनीष कुमार निवासी बेअंत नगर और राजन निवासी अमरपुरा बस्ती के तौर पर हुई है। दोनों युवाओं को गंभीर हालत में सहारा जनसेवा संस्था के सदस्यों ने सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया है।
बेअंत नगर निवासी युवक मनीष कुमार मछली बेचने का काम करता है। सोमवार को उसने घर में पंखे से फंदा लगाकर खुदकुशी करनी चाही तो अचानक उसके परिजनों की नजर उस पर पड़ गई। उसे तुरंत उसके परिजनों ने उतार लिया और गंभीर हालत में सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया। डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। थाना सिविल लाइन पुलिस प्रभारी इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह भुल्लर ने बताया कि जांच के बाद ही खुदकुशी करने का प्रयास करने के कारणों का पता चल पाएगा।
वहीं स्थानीय अमरपुरा बस्ती में रहने वाले राजन ने मानसिक परेशानी में तेजाब निगल खुदकुशी करने का प्रयास किया। मौके पर पहुंचे सहारा संस्था के सदस्यों ने युवक को समय पर सिविल अस्पताल में दाखिल करवाकर उसकी जान बचा ली। इस बारे में सहारा जनसेवा के अध्यक्ष विजय गोयल ने बताया कि युवक बीते काफी समय से मानसिक तौर पर परेशान था, जिस के चलते उसने खुदकुशी करने का प्रयास किया ।