गैंगस्टर लाली के दो फरार साथी गिरफ्तार
तीन साथियों के साथ मिलकर बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे आरोपी
आरोपियों के कब्जे से हथियार और कारतूस बरामद, तीन साथी घटनास्थल से फरार
अमर उजाला ब्यूरो
मुल्लांपुर दाखा (लुधियाना)। डेहलों इलाके में कुछ दिन पहले ओसीसीयू की टीम के साथ मुठभेड़ के दौरान पकड़े गए गैंगस्टर लाली के फरार हुए दो साथियों को लुधियाना देहात की पुलिस ने जोधा के गांव दोलों कलां स्थित सिंगला कालोनी इलाके में घेराबंदी के दौरान पकड़ लिया। आरोपियों के तीन साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। सभी आरोपी एक बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस ने गिरफ्तार किए आरोपियों के कब्जे से दो पिस्तौल और बड़ी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं। आरोपियों की पहचान गांव नारंगवाल के रहने वाले मनमिंदर सिंह उर्फ मनी मेंटल और जसदीप सिंह उर्फ सैंडी के रुप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से हथियारों के साथ-साथ एक मोटरसाइकिल और तीन एक्टिवा बरामद हुई हैं। घर से भागने वाले आरोपी आई-20 कार लेकर भागे।
एसएसपी लुधियाना देहात वरिंदर सिंह बराड़ ने बताया कि थाना जोधा और सीआईए जगरांव की टीम को सूचना मिली कि डेहलों में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गैंगस्टर लाली चीमा के जो साथी फरार हुए थे, वह एक घर में अपने तीन साथियों के साथ बैठे हैं। आरोपियों के पास भारी मात्रा में हथियार है और वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर ली। आरोपियों के तीन साथी गाड़ी लेकर फरार हो गए, जबकि मनी मेंटल और सैंडी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी मेंटल के खिलाफ पहले भी पंजाब के अलग-अलग थानों में मामले दर्ज हैं।
दहशत कायम करने के लिए करनी थी वारदात
एसएसपी बराड़ ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान फरार होने के बाद मेंटल और सैंडी दोलों कलां की सिंगला कालोनी में अपने तीन साथियों के साथ एक मकान में रह रहे थे। सूत्रों की माने तो आरोपी बड़ी वारदात को अंजाम देकर अपनी दहशत कायम करना चाहते थे। साथ ही हथियारों के बल पर अपने साथी गैंगस्टर लाली चीमा और काका को छुड़वाना भी चाहते थे।
--कोट--
दोनों आरोपी गैंगस्टर लाली के साथ मिल बड़ी वारदात को अंजाम दे चुके हैं। वह हाईवे पर कई लूट कर चुके हैं। साथ ही कई डकैती की वारदात को भी अंजाम दिया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
गुरबंस सिंह बैंस, डीएसपी दाखा