शोरूम से 25 लाख के मोबाइल चोरी
रात को 1.30 बजे बाइक पर आए दो नकाबपोश बोरी में ले गए सामान
सीसीटीवी कैमरे में कैद दोनों आरोपी, पुलिस मामले की जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। हंबड़ा रोड स्थित कल्याणी कम्युनिकेशन से मोटरसाइकिल पर सवार दो चोर लगभग 25 लाख के मोबाइल फोन व अन्य सामान चोरी कर ले गए। सुबह पड़ोस के दुकानदार ने उन्हें शटर टूटा होने की सूचना दी। चोरी की सूचना मिलते पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी कैमरा फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
हालांकि चोरों ने शोरूम में लगे कुछ सीसीटीवी कैमरा को उखाड़ दिया था, लेकिन इसके बावजूद वह कैमरे में कैद हो गए। चेहरे पर नकाब होने के चलते उनकी पहचान नहीं हो पा रही है। शोरूम मालिक शेखर गुप्ता के अनुसार बीते छह साल से हंबड़ा रोड पर काम कर रहे है। शुक्रवार की शाम को अपना शोरूम बंद कर घर चले गए। शनिवार की सुबह पड़ोस के व्यक्ति ने फोन पर बताया कि उनके शोरूम का शटर के ताले टूटे पड़े है। मौके पर पहुंच कर जांच किया तो पता चला कि चोर लगभग 25 लाख का माल चोरी कर ले गए है। इसमें मोबाइल, लैपटॉप व अन्य सामान शामिल है। सीसीटीवी कैमरा देखने पर पता चला कि चोरी करने वाले दो व्यक्ति थे। दोनों ने नकाब डाले थे। एक व्यक्ति शोरूम के अंदर से सामान बोरी में भरकर बाहर खड़े व्यक्ति को दे रहा था। आरोपियों ने दो से तीन बोरी में भरकर सामान भर कर अपने साथ लेकर गए है।