पिस्तौल दिखाकर रिवाल्वर और कारतूस छीने
अमर उजाला ब्यूरो
संगरूर। लिफ्ट देकर पिस्तौल के दम पर लाइसेंसी रिवाल्वर, जिंदा कारतूस, 20 हजार रुपये और दो मोबाइल लूटने का मामला सामने आया है। मालेरकोटला थाना सिटी-1 की पुलिस ने तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मालेरकोटला निवासी टोनी सेठ ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बीमार बुआ को पैसे देने के लिए बटाला जाने के लिए रात करीब 11 बजे लुधियाना बाईपास मालेरकोटला में चाय की दुकान पर लिफ्ट लेने के लिए खड़ा था। दुकान पर तीन अज्ञात व्यक्ति भी चाय पी रहे थे। जब वह जाने लगे तो उसने उनसे लुधियाना तक लिफ्ट मांग ली। थोड़ा आगे जाने पर उक्त व्यक्ति शराब लेने के लिए ठेके पर रुके लेकिन ठेका बंद था। इसके बाद वह मालेरकोटला की तरफ किसी ठेके से शराब लेने के लिए चले गए। इसके बाद जब वह लुधियाना बाईपास से सरौदपुर पहुंचे तो उन्होंने कार को एक खाली प्लाट के पास रोक लिया और उसकी कान पर पिस्तौल रख दी। तीनों ने उससे बीस हजार रुपये और एक 32 बोर का लाइसेंस रिवाल्वर, छह कारतूस और दो मोबाइल फोन छीन लिया। उसे कार से धक्का मारकर बाहर फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने उसके बयान पर तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।