नशे की गोलियां बेचने वाले दो युवक गिरफ्तार
मेडिकल स्टोर पर काम करने की आड़ में करते थे तस्करी
आरोपियों के कब्जे से 6900 नशीली गोलियां बरामद, गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। मेडिकल स्टोर पर काम करने की आड़ में नशीली दवाएं सप्लाई करने का धंधा करने वाले दो युवकों को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को ढोलेवाल के पास नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6900 नशीली गोलियां बरामद की हैं। मामले में पुलिस ने थाना डिविजन छह की पुलिस ने माडल टाउन एक्सटेंशन स्थित प्रीतम नगर निवासी राजिंदर सिंह अरोड़ा उर्फ टोनी (28) और विश्वकर्मा नगर निवासी आशीष कुमार (28) के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया। जहां से दोनों को पुलिस ने रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी हुई है।
एसटीएफ के लुधियाना इंचार्ज सब इंस्पेक्टर हरबंस सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी ने ढोलेवाल चौक के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान आरोपी स्कूटर पर सवार होकर वहां गुजर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों को नाकाबंदी के दौरान रोक लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से नशीली गोलियां मिली। जब पुलिस ने आरोपियों से लाइसेंस की मांग की तो आरोपी कोई ठोस जवाब नहीं दे सके। पुलिस की ओर से सख्ती पर आरोपी टोनी ने बताया कि वह अपने भाई की अरोड़ा मेडिकल स्टोर पर काम करता है। आशीष भी खट्टड़ मेडिकल स्टोर पर काम करता है। दोनों तीन साल से काम करने की आड़ में नशीली गोलियां सप्लाई करने का धंधा कर रहे थे। उन्हें एक व्यक्ति नशीली गोलियां सप्लाई कर दे जाता था और वह आगे सप्लाई करते थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी हुई है।