पुलिस मुलाजिम के बेटे ने किया दुष्कर्म
शादी का झांसा देने का आरोप, केस दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। पंजाब पुलिस में तैनात मुलाजिम के बेटे ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म किया। थाना डिविजन सात की पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर कीमा भैणी के रहने वाले रमनदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। उधर, पुलिस ने पीड़िता के मेडिकल जांच कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पीड़िता की शिकायत के मुताबिक वह साहनेवाल के पास एक फैक्टरी में बतौर सेल्स कोआर्डिनेटर काम करती थी, जबकि आरोपी वहां डिस्पैच एग्जीक्यूटिव था। दोनों के बीच दोस्ती हो गई और दोस्ती प्यार में बदल गई। आरोपी ने शादी का झांसा दिया और उसके साथ दुष्कर्म कर डाला। उसके बाद आरोपी उसे कई बार अलग अलग जगहों पर ले जाता रहा और दुष्कर्म करता रहा। कुछ दिन बाद आरोपी नौकरी छोड़ कर चला गया और उसे टाल मटोल करता रहा कि वह उससे जल्द शादी करेगा।
युवती आरोपी के घर भी गई। आरोपी ने उसे धमकियां दीं कि वह एक मुलाजिम का बेटा है और उसे पूरी तरह से बदनाम कर देगा। उसे धमकियां देकर आरोपी ने भगा दिया और उसका फोन उठाना बंद कर दिया। इसके बाद पीड़ता ने इसकी शिकायत पुलिस के पास की। जांच मेंआरोप सही पाए गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।