देर रात ट्रांसफार्मर शट डाउन कर करते थे तेल चोरी, दो काबू
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। देर रात के समय खेतों में लगे ट्रांसफार्मर को शट डाउन कर उसमें से काला तेल चोरी करने वाले दो आरोपियों को थाना डिविजन सात की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सौ लीटर तेल बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने गांव कंडियाणा निवासी गुरचरण सिंह और बलजीत सिंह उर्फ चमकीला के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जबकि आरोपियों का एक साथी ताजपुर रोड निवासी ढिल्लों पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके फरार साथी ढिल्लों का पता लगा रही है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार पुलिस पार्टी नेताजपुर रोड सेक्टर 32 संजय गांधी कॉलोनी के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी देर रात ट्रांसफार्मरों को शट डाउन कर देते थे। जब लाइट चली जाती और ट्रांसफार्मर में से करंट पूरी तरह से खत्म हो जाता तो आरोपी उसमें से तेल चोरी करते थे। तेल चोरी करने के बाद आरोपी उसे किसी को सस्ते भाव में बेच देते थे। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद नाकाबंदी के दौरान आरोपियों को रोक लिया। पुलिस के रोकने पर आरोपी ढ़िल्लों फरार हो गया। जबकि दोनों आरोपियों को पुलिस ने तुरंत काबू कर लिया। जब पुलिस ने गाड़ी में पड़े ड्रम की चेकिंग की तो उसमें से 100 लीटर तेल बरामद हुआ। उस वक्त ट्रक में गुरचरण सिंह और बलजीत सिंह थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।