विजिलेंस ने रिश्वत लेते वसिका नवीस दबोचा
रजिस्ट्री करवाने के एवज में मांगे थे बीस हजार रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। विजिलेंस ने सौ गज के प्लाट की रजिस्ट्री करवाने की एवज में 20 हजार की रिश्वत लेते वसिका नवीस अमित गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। मॉडल टाउन एक्सटेंशन निवासी मंजीत सिंह की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी को शुक्रवार को अदालत में पेश करेगी। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है।
मंजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि उसने गांव बल्लोके में सौ गज का प्लाट दो लाख रुपये में खरीदने का सौदा तय किया था। इसी दौरान उसका संपर्क वसिका नवीस अमित गुप्ता के साथ हुआ। उसने रजिस्ट्री तहसीलदार की तरफ से करवाने की एवज में सरकारी खर्च के अलावा 25 हजार रुपये और मांगे। बीस हजार रुपये पर सौदा तय कर लिया। अमित गुप्ता ने मंजीत सिंह को विश्वास दिलाया कि उसकी तहसीलदार के साथ बनती है। इस कारण उसे ग्लाडा से एनओसी और तहसीलदार से अप्वाइंटमेंट लेने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। वह उन्हें रजिस्ट्री संबंधी दस्तावेज दे जाए बाकी सारा काम वह करवा देगा। मंजीत सिंह ने इसकी शिकायत विजिलेंस की टीम को दी। इसके बाद टीम ने वीरवार दोपहर को सब रजिस्ट्रार दफ्तर में ट्रैप लगा लिया। विजिलेंस की टीम ने आरोपी को काबू कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है कि उसके साथ किस-किस की भागीदारी है।