बाइकसवारों ने महिला की झपटी चेन
एक्टिवा सवारों ने मोबाइल नगदी लूटी
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। बाइक सवार दो लुटेरों ने महिला की चेन झपट ली। थाना माडल टाऊन की पुलिस ने घुमार मंडी स्थित संत कॉलेज रोड निवासी साक्षी की शिकायत पर बाइक सवार दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पीड़िता साक्षी की शिकायत के मुताबिक वह घुमारममंडी में रहती है और उसके रिश्तेदार माडल टाऊन इलाके में रहते हैं। वह अपनी कार में सवार होकर रिश्तेदारों के घर गई थी। घर के बाहर कार पार्क कर बाहर निकली ही थी कि बाइक सवार दो युवकों ने गले में पहनी उसकी चेन छीन ली और फरार हो गए। जांच अधिकारी कांस्टेबल राजिंदर सिंह ने बताया कि आसृपास के सीसीटीवी चेक किए जा रहे है। कुछ क्लू मिले है। आरोपियों का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इसी तरह अन्य घटना में मंदिर से माथा टेकने के बाद घर वापस जा रहे सुआ मोहल्ला निवासी वरिंदरपाल से एक्टिवा सवार दो युवकों ने चाकू की नोक पर मोबाइल फोन और 33 सौ रुपये लूट लिए। वरिंदरपाल के मुताबिक वह इलाके में ही स्थित मंदिर में माथा टेकने के लिए गया था। मंदिर से माथा टेकने के बाद वह वापस घर आ रहा था। रास्ते में एक्टिवा सवार दो युवक उसके आगे आकर खड़े हो गए। आरोपियों ने चाकू के बल पर उससे मोबाइल फोन और 33 सौ रुपये नकदी लूट ली।