दुकानदार ने खुद को लगाई आग
आसपास के लोगों ने आग बुझाकर अस्पताल में कराया दाखिल
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
लक्कड़ बाजार स्थित मशीन मार्केट में सोमवार की सुबह उस समय भगदड़ मच गई, जब मार्केट के एक व्यक्ति ने मिट्टी का तेल डाल खुद को आग के हवाले कर दिया। उसके चिल्लाने की आवाज सुन आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और किसी तरह से आग पर काबू पाकर पास के निजी अस्पताल ले गए। वहां के डॉक्टरों ने उसे डीएमसी अस्पताल रेफर कर दिया।
दुकान मालिक की पहचान रिंकू (35) के रुप में हुई है। सूचना मिलने के बाद थाना कोतवाली की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है। एसएचओ इंस्पेक्टर बीरबल ने बताया कि रिंकू की मशीन मार्केट में दुकान है। वह मशीनें असेंबल कर बेचते है। वह रोजाना सुबह नौ बजे दुकान खोल देता है। दुकान के पीछे रूम में मशीनें असेंबल की जाती है। सोमवार की सुबह वह दुकान पर आया और पीछे वाले रूम में चला गया।
वहां रिंकू के खुद पर मिट्टी का तेल डाला और आग लगा ली। आग की लपटों में घिरने के बाद रिंकू शोर मचाने लगा। शोर सुनकर आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे और आग बुझाकर अस्पताल पहुंचाया। इंस्पेक्टर बीरबल ने बताया कि रिंकू की हालत अभी गंभीर बनी है। वह काफी जल चुका है। परिजनों से भी संपर्क नहीं हो सका है, जिस कारण यह पता नहीं चल पाया है कि रिंकू ने आग क्यों लगाई है। परिजनों और रिंकू के बयान दर्ज करने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।