अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। शिवपुरी इलाके से गुजरने वाले नाले से सोमवार को शव मिलने से सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि किसी ने हत्या के बाद व्यक्ति का शव नाले में फेंका है। राहगीरों ने शव नाले में देख कर इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद थाना डिविजन चार की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों की मदद से शव बाहर निकलवाया और जांच के बाद पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रखवा दिया है। पुलिस मृतक की पहचान करने में जुटी हुई है।
जांच अधिकारी एएसआई स्वर्ण सिंह ने बताया कि सोमवार की दोपहर को शव देख राहगीरों ने पुलिस को सूचित किया था। पुलिस ने शव बाहर निकलवा कर पहचान की कोशिश की थी लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी। मृतक की उम्र 35 से चालीस साल के करीब बताई जा रही है। एएसआई स्वर्ण सिंह ने बताया कि मृतक के शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं है।