आरोपियों के बैग से चार मोबाइल, चूहे मारने की दवा और कुछ दस्तावेज बरामद
उमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना ।
दीपनगर के पास पाहवा धर्मशाला के पास से गुजर रहे युवक से बाइक सवार तीन स्नेचरों ने मोबाइल छीन लिया। पीछे आ रहे बुलेट सवार युवक ने वारदात होते देख ली। उसने पीड़ित युवक को बाइक पर बैठाया और स्नेचरों का पीछा किया। कुछ दूर पीछा करने के बाद युवक ने बुलेट से स्नेचरों की बाइक में टक्कर मार दी। नीचे गिरते ही युवक ने आसपास के लोगों की मदद से तीनों स्नेचरों को पकड़ लिया। लोगों ने उन्हें पीटकर पुलिस को सौंप दिया।
थाना डिवीजन नंबर-4 के अंतर्गत कैलाश चौकी की पुलिस ने जब स्नेचरों की तलाशी ली तो लूट के चार मोबाइल, चूहे मारने की दवाई और कुछ दस्तावेज मिले है। उसके अलावा बैग में बाइक की नंबर प्लेट भी पड़ी थी। पुलिस ने बैग कब्जे मे लेकर आरोपियों को पकड़ लिया है। इस मामले में पुलिस ने राजू की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
विक्की खान ने बताया कि उसकी हौजरी है। दोपहर वह बुलेट पर किसी काम से जा रहा था। इस दौरान उससे कुछ आगे चल रहे राजू नाम के व्यक्ति से बाइक सवारों ने मोबाइल छीन लिया। वह राजू के पास गया और उसे अपने बुलेट पर बैठाकर बाइक सवारों का पीछा किया। कुछ दूर जाकर उन्होंने स्नेचरों को पकड़ लिया। राजू ने बताया कि वह सिलाई का काम करता है और लंच के बाद काम पर जा रहा था। जब आरोपियों से पूछताछ की गई तो पता चला कि तीनों आरोपी गुरदासपुर के रहने वाले हैं। कैलाश चौकी थाना इंचार्ज रघुवीर सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।