आधा किलो हेरोइन के साथ दो गिरफ्तार
शार्टकट तरीके से पैसा कमाने के लिए मूंगफली वाले बने तस्कर
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
जल्द पैसा कमाने के चक्कर में मालेरकोटला के दो मूंगफली बेचने वाले तस्कर बन गए। उत्तरप्रदेश के अलग-अलग शहरों से हेरोइन लाकर वह पंजाब के अलग अलग शहरों में सप्लाई करने लगे। एसटीएफ पुलिस ने दोनों आरोपियों को मेहरबान इलाके में नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार किया जब वह एक्टिवा पर किसी को हेरोइन सप्लाई करने जा रहे थे। आरोपियों के कब्जे से आधा किलो हेरोइन बरामद की गई है। पुलिस ने मलेरकोटला के रहने वाले भूरा और मोहम्मद जमील के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को वीरवार को अदालत में पेश किया जहां से दोनों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
एसटीएफ लुधियाना के इंचार्ज एसआई हरबंस सिंह ने कहा कि पूछताछ में पता चला कि आरोपी मालेरकोटला इलाके में रेहड़ी पर मूंगफली बेचते हैं। आरोपी शार्टकट तरीके से पैसा कमाना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने नशा तस्करी का धंधा चुना। आरोपियों ने उत्तरप्रदेश के इलाकों से हेरोइन लाकर पंजाब के अलग अलग इलाकों में सप्लाई करनी शुरू कर दी। आरोपी सारा काम फोन पर ही करते थे।