लुधियाना। फेक कॉल के जरिए 2013 में धोखाधड़ी का शिकार हुए व्यक्ति की शिकायत पर मामला दर्ज करने के लिए जिला पुलिस को छह साल का समय लग गया। पीड़ित की ओर से 2013 में की गई शिकायत का केस 2019 मेंदर्ज हुआ। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने उसे काफी गुमराह किया, लेकिन वह फिर भी लड़ाई लड़ता रहा । थाना जमालपुर की पुलिस ने मुंडियां कलां स्थित जीके स्टेट निवासी हाकम सिंह की शिकायत पर एमडी स्किल और अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
शिकायतकर्ता हाकम सिंह ने बताया कि अप्रैल 2013 में आईपीएल के टूर्नामेंट चल रहे थे। इसी दौरान उसकी पत्नी के फोन पर किसी ने फोन कर कहा कि आईपीएल की तरफ से उनका ड्रा निकला है। वह बीएमडब्ल्यू कार ले ले या फिर 25 लाख रुपये। आरोपी ने अपना खाता नंबर दिया और कहा कि अगर वह ईनाम लेना चाहते है तो इस खाते में 18500 रुपये जमा करवा दे। इसके उसने और उसकी पत्नी ने पैसे जमा करवा दिए। कुछ दिन बाद फोन आया कि उनकी गाड़ी भेजनी है वह उसी खाते में 32550 रुपये ओर जमा करवा दे। उन्होंने वह पैसे भी जमा करवा दिए। कुछ दिन तक ईनाम न पहुंचने पर व्यक्ति ने फिर फोन कर कहा कि वह 70 हजार रुपये ओर जमा करवाए।
बकौल हाकम इस पर वह समझ गया कि उनके साथ ठगी हो चुकी है। इसके बाद उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। हाकम सिंह ने बताया कि पुलिस मुलाजिम कभी उसे थाना जमालपुर, कभी कौन से थाने तो कभी कौन से थाने के चक्कर कटवाते रहे, ताकि वह थक हार कर घर बैठ जाए, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी और इंसाफ के लिए हर जगह जाता रहा। छह साल की कड़ी मेहनत के बाद आखिरकार पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। थाना जमालपुर के एसएचओ इंस्पेक्टर सुरिंदर कुमार ने बताया कि यह मामला जांच के बाद दर्ज किया गया है। अभी इस मामले में किसी की कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।