एसबीआई के बाहर 30 हजार की लूट
बाइक सवार दो लुटेरों ने बैंक में पैसा जमा करने गए युवक को बनाया शिकार, मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। गिल रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के बाहर बाइक सवार दो लुटेरों ने वीरवार को युवक से दिनदहाड़े तीस हजार रुपये लूट लिए। जब तक युवक कुछ समझ पाता आरोपी फरार होने में कामयाब हो गए थे। लूट की सूचना मिलने के बाद थाना शिमलापुरी की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शिमलापुरी के रहने वाले धर्मपाल की शिकायत पर लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक कर रही है।
पुलिस को दी गई शिकायत में शिमलापुरी के रहने वाले धर्मपाल ने बताया कि उसके पिता ने उसे गिल रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में 30 हजार जमा करवाने के लिए दिए थे। वह एक्टिवा पर पैसे जमा करवाने गया था। बैंक के बाहर वाहन ज्यादा थे। इस पर उसने साथ लगती गली में एक्टिवा खड़ी कर दी। इसके बाद वह एक्टिवा से उतर कर बैंक की तरफ जाने लगा। इसी बीच दो बाइक सवार युवकों ने उसे घेर लिया।
आरोपियों ने तेजधार हथियार की नोक पर उससे 30 हजार रुपये छीन लिए और धमकाते हुए फरार हो गए। उसने तुरंत इसकी जानकारी अपने पिता को दी। जब वह मौके पर पहुंचे तो उससे पहले वहां पुलिस पहुंच चुकी थी। जांच अधिकारी दलजीत सिंह ने बताया कि अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अभी आरोपियों का कुछ पता नहीं चला है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे है। जल्द ही आरोपियों का पता लगा उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।