झांसा देकर 60 हजार ले उड़े नौसरबाज
आरोपियों ने कागज के टुकड़ों को बताए दो लाख रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। युवक को अपने खाते में दो लाख रुपये जमा कराने का झांसा दे दो नौसरबाजों ने युवक से साठ हजार रुपये ऐंठ लिए। पैसे ऐंठने के बाद आरोपी फरार हो गए और जब युवक ने पैसे चेक किए तो पता चला कि कागज के टुकड़े थे। पीड़ित की शिकायत पर थाना डिवीजन छह की पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।
पुलिस ने इस मामले में न्यू बहादुर के कालोनी निवासी चरणजीत सिंह की शिकायत पर दो अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। चरणजीत सिंह के मुताबिक वह एक निजी फैक्टरी में काम करता है। उसके मालिक ऋषभ जैन ने उसे मंगलवार की सुबह चेक देकर एक लाख रुपये निकलवाने के लिए कहा था। वह रुपये लेकर बैंक से बाहर निकला। दो युवक उसे बैंक के बाहर मिले। उन्होंने कहा कि उनके पास दो लाख रुपया है और उनका बैंक में खाता नही ंहै। वह उनसे दो लाख रुपये लेकर अपने खाते में जमा करवा दे और उन्हें साठ हजार रुपये दे दे। आरोपियों ने चरणजीत को बातों में लगा कर उससे साठ हजार रुपये ले लिए। उसके बाद आरोपियों ने कपड़े में बांधकर रुपये का बंडल उसे दिया और उससे साठ हजार रुपये लेकर फरार हो गए। जब चरणजीत सिंह ने चेक किया तो दोनों बंडलों के ऊपर नोट और नीचे कागज के टुकड़े थे। इसके बाद उसने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने बताया आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है। जल्द ही आरोपियों का पता लगा गिरफ्तार कर लिया जाएगा।