चोरों ने एक ही रात में तीन दुकानों के शटर तोड़ उड़ाया लाखों का माल
-पुरानी दाना मंडी चौक व मोगा रोड पर स्थित दो दुकानों में चोरी
-आल्टो सवार चोरों ने दिया वारदात को अंजाम
-दुकान के बाहर खडे़ एक व्यक्ति को तेजधार हथियार दिखाकर दी जान से मारने की धमकी
अमर उजाला ब्यूरो
हलवारा (लुधियाना)। चोरों ने एक ही रात में तीन दुकानों के शटर काट कर लाखों का माल उड़ा दिया। एक जगह तो चोर सीसीटीवी में कैद हो गए, लेकिन जाते जाते चोरों नें दुकानों से डीवीआर भी ले गए। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों को थाने बुलाकर बयान दर्ज करवाने की बात कही।
जानकारी के मुताबिक चोरी की पहली घटना पुरानी दाना मंडी चौक में स्थित उमेश गोयल राजा की मनी चेंजर की दुकान में घटी। इस दुकान पर चोर सुबह करीब सवा चार बजे दुकान का ताला काटकर शटर उठाकर दाखिल हुए। दुकान के अंदर घुसने से पहले चोरो ने राम नगर मुहल्ले के रहते एक व्यक्ति जो दुकान के बाहर खड़ा था तो तेजधार हथियार दिखाकर धमकाया और मौके से चले जाने को कहा। दुकान के भीतर 15 मिनट के करीब रहे चोरों ने पहले दुकान का सीसीटीवी कैमरा तोड़ा और बड़े आराम सें वारदात को अंजाम दिया। दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी में दिखाई दे रहा है कि चोरों की संख्या पांच थी और सफेद रंग की गाड़ी में आए थे। सभी के पास तेजधार हथियार थे और सभी ने अपने अपने मुंह सफेद कपडे़ में ढक रखे थे। पांच नौजवानों में से दो नौजवान चौक पर खडे़ रहे, जबकि दो नौजवान वारदात के लिए दुकान के भीतर दाखिल हुए। दुकान के मालिक उमेश गोयल राजा के मुताबिक उनकी दुकान सें चोरों ने नए नोटों के हार व नए नोटो की गड्डियां चुराई है। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे एएसआई बिक्रमजीत सिंह को उमेश गोयल राजा ने बताया कि उनका ढाई से तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इसी तरह चोर गिरोह के सदस्यों ने मोगा रोड पर एक साथ लगती दो कबाड़ की दुकानों के शटर तोड़े और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।