पावरकॉम के आफिस में चोरों का धावा
20 से ज्यादा कमरों के ताले टूटे, अधिकारी चोरी हुए सामान की जांच में जुटे
राजपुरा। पावरकॉम राजपुरा के पुराने दफतर में मंगलवार रात चोरों ने धावा बोल कर करीब दो दर्जन कमरों व शटरों के ताले तोड़ दिए और सामान पर हाथ साफ कर दिया। पावरकॉम अधिकारियों ने पुलिस को शिकायत दे दी है।
पावरकॉम के जेई सुखदेव सिंह ने बताया कि विभाग की ओर से कामर्शियल की तरफ रात के समय चौकीदार की एक पोस्ट है। रात के समय चौकीदार मखन सिंह ड्यूटी करता है। मंगलवार रात चोरों ने पावरकॉम की पुरानी इमारत के मेन शटर सहित अंदर बने एसडीओ, जेई, 66 केवी स्टोर व जत्थेबंदी के कमरे सहित 20 से ज्यादा कमरों के ताले तोड़ दिए। इन कमरों में विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के फील्ड का लाखों रुपये के तारें, पीतल का सामान, सहित अन्य रिकार्ड चोरी होने की आशंका है, जिसकी सूचना पुलिस को दे दी गई है। चौकीदार मखन सिंह ने बताया कि उसकी ड्यूटी कामर्शियल दफतर की तरफ है। इसके बाद भी वह कामर्शियल दफतर में शाम को ताले लगाने और रात के समय चौकीदार का काम करते आ रहा है। उसने बताया कि मंगलवार रात करीब डेढ़ बजे वह पुरानी इमारत में चक्कर लगा कर आया था। पर यह घटना उसके बाद की लगती है।
पावरकॉम के एक्सईएन अमनदीप सिंह गिल ने बताया कि सिटी पुलिस को बुला कर चोरी की घटना की जगह दिखाई गई है, इसके अलावा विभाग केे अधिकारियों व कर्मचारियों को अपने अपने सामान की लिस्टें तैयार करने के लिये कहा गया है। जांच के बाद ही पता लग सकेगा की क्या क्या सामान चोरी हुआ है।
उल्लेखनीय है कि लगभग दो वर्ष पहले भी पावरकॉम के दफतर में लाखों रुपये की नगदी की चोरी हुई थी, जिसके बारे आज तक कोई पता नहीं लगा सका। इसके बाद भी विभाग ने अपने स्टोरों में रखे लाखों रुपये के सामान के लिये सिर्फ एक ही चौकीदार रखा हुआ है।