उधार दिए पैसे मांगे तो दोस्त को पीटकर मार डाला
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
दोस्त को उधार दिए रुपये वापस मांगने पर सलेम टाबरी के दोमोरिया पुल इलाके में रविवार देर रात एक युवक ने अपने दोस्त को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। आरोपी ने युवक को इतनी बेरहमी से पीटा कि जब तक उसकी मौत नहीं हुई, वह उसका सिर जमीन पर ही पटकता रहा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। सूचना मिलते ही थाना सलेम टाबरी की पुलिस मौके पर पहुंची।
मृतक की पहचान कुंदन पुरी इलाकावासी राजिंदर महतो (29) के तौर पर हुई है। पुलिस ने दोमोरियां पुल वासी करण के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। थाना सलेम टाबरी के एसएचओ इंस्पेक्टर विजय कुमार ने बताया कि राजिंदर इलाके में स्थित एक फैक्टरी में कढ़ाई का काम करता था। आरोपी करण सिलाई का काम करता है। दोनों आपस में अच्छे दोस्त थे और एक दूसरे से जरूरत पड़ने पर पैसे लेते देते थे। राजिंदर ने कुछ दिन पहले करण को करीब बीस हजार रुपये उधार दिए थे। पैसे उधार लेने के बाद करण उसे वापस दे नहीं रहा था।
राजिंदर को पैसों की जरूरत थी तो वह कुछ दिनों से करण से पैसे वापस मांग रहा था, मगर करण दे नहीं रहा था। रविवार रात को दोनों इकट्ठा हुए थे। इस दौरान राजिंदर ने अपने पैसों की मांग की, जिसे लेकर दोनों में बहस हुई। इस दौरान करण ने राजिंदर से मारपीट करनी शुरू कर दी। आरोपी ने उसे इतनी बुरी तरह से पीटा कि वह घायल हो गया। उसके बाद आरोपी ने उसका सिर जमीन पर पटकना शुरू कर दिया और तब तक पटकता रहा जब तक राजिंदर की मौत नहीं हो गई। उसकी मौत के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। इंस्पेक्टर विजय कुमार ने कहा कि यह सारी घटना पास ही स्थित एक सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई। उन्होंने कहा कि अभी आरोपी फरार है। उसकी तलाश में छापामारी की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।