सिंगापुर भेजने के नाम पर दिया फर्जी वीजा और टिकट
पुलिस ने एक एनआरआई समेत पांच लोगों के खिलाफ दर्ज किया केस
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा। जिले के गांव जोगानंद निवासी एक युवक को सिंगापुर भेजने के नाम पर फर्जी एजेंट ने उसे फर्जी वीजा एवं टिकट थमा दी। जब युवक को अपने साथ हुई सात लाख रुपये से अधिक की ठगी के बारे में पता चला तो उसने पुलिस को शिकायत दी। जांच के बाद थाना थर्मल पुलिस ने एक एनआरआई समेत पांच लोगों पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान अवतार सिंह, प्रगट सिंह, सगे भाई कुलदीप सिंह, गुरलाल सिंह, सभी निवासी जोगानंद और आरोपी कुलदीप के रिशतेदार बुआ सिंह के तौर पर हुई है।
पुलिस को दर्ज दी शिकायत में जोगानंद निवासी युवक रणबीर सिंह ने बताया कि उसके गांव के अवतार सिंह, प्रगट सिंह, कुलदीप सिंह और गुरलाल सिंह के साथ गांव से होने के कारण उसकी अच्छी जान पहचान थी। चारों ने मिलकर उसे सिंगापुर भेजने का झांसा दिया। जिनके झांसे में चारों लोगों को सात लाख बीस हजार रुपये दे दिए। करीब एक माह पहले आरोपियों ने उसे सिंगापुर भेजने के लिए फर्जी वीजा एवं टिकट उसे थमा दी। जब उसने टिकट और वीजा चेक करवाया तो पता चला कि दोनों ही फर्जी है। युवक ने बताया कि जब उसने आरोपियों से बात की तो उन्होंने उसे धमकाना शुरू कर दिया। जिसके बाद उसने पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई। युवक ने कहा कि पुलिस ने इतनी धीमी गति से कार्रवाई की कि पांचों आरोपियों में से एक आरोपी विदेश भाग गया। जो अपने एनआरआई होने का फायदा उठाकर लोगों को विदेश भेजने के झाल में फंसाता है।
पीड़ित युवक ने बताया कि उसके अलावा उसके दो अन्य दोस्त और एक युवती भी आरोपियों को विदेश जाने के लिए पैसे दिए हुए हैं। जिस बारे में उनके दोस्तों और युवती ने भी पुलिस के पास शिकायत दी है।
इस संबंधी थाना थर्मल के हवलदार इकबाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने जांच करने के बाद ही पीड़ित युवक की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जाएगी ।