वैलेट पार्किंग के लिए दी फार्च्यूनर लेकर ड्राइवर फरार
घुमारमंडी स्थित एक शोरूम में खरीदारी करने के लिए आया था परिवार
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। मंडी अहमदगढ़ से घुमारमंडी स्थित एक शोरूम में खरीदारी करने आए परिवार की फार्च्यूनर कार वैलेट पार्किंग का ड्राइवर लेकर फरार हो गया। ड्राइवर के कार ले जाने का पता उस समय चला जब परिवार शॉपिंग कर बाहर आया और कूपन देकर अपनी गाड़ी मंगवाई। इसके बाद शोरूम मालिक और पार्किंग का ठेका लेने वाली जेबीएस कंपनी के मालिक वहां पहुंचे। पार्किंग का ठेका लेने वाली कंपनी ने ड्राइवर से सारे प्रूफ लेकर उसे काम पर रखा, लेकिन उसकी कोई वेरिफिकेशन नहीं करवाई। इसके बाद कार मालिक अरिहत कुमार ने इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलने के बाद थाना डिवीजन आठ के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है।
अहमदगढ़ निवासी अरिहत कुमार ने बताया कि वह घुमारमंडी स्थित एक शोरूम में परिवार के साथ खरीददारी करने के लिए आए थे। शोरुम के बाहर जेबीएस ग्रुप वैलेट पार्किंग के मुलाजिम खड़े थे। उन्होंने कार दी और कूपन ले लिया। एक घंटे बाद वह लौटे और गाड़ी लाने के लिए कहा, लेकिन काफी समय तक वह नहीं आया। बाद में पता चला कि कार युवक लेकर फरार हो गया है।
शोरूम मालिक ने कंपनी को पार्किंग का दे रखा है ठेका
घुमारमंडी में किसी भी शोरूम मालिक के पास अपनी पार्किंग नहीं है। लगभग काफी ने जेबीएस ग्रुप कंपनी को वैलेट पार्किंग का ठेका दिया हुआ है। जेबीएस ग्रुप के मालिक शिंदरपाल ने बताया कि जो मुलाजिम गाड़ी लेकर गया है उसे उन्होंने दो महीने पहले ही काम पर रखा है। उसके सारे प्रूफ उन्होंने लिए हुए है, लेकिन पुलिस वेरिफिकेशन नहीं करवाई है।
थाना डिवीजन आठ के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह ने बताया कि मामले की शिकायत उनके पास आ चुकी है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो कार्रवाई बनती होगी, वह की जाएगी।