अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। हंबड़ा रोड स्थित बाइक शोरूम को चोरों ने निशाना बनाया। पीछे पड़े खाली प्लॉट से होते हुए चोर शोरूम में दाखिल हो गया और ऑफिस में घुसकर दराज से 3.66 लाख रुपये चुरा लिए। अगली सुबह चोरी की घटना का पता चला। सूचना के बाद थाना पीएयू की पुलिस मौके पर पहुंची। अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
शोरूम मालिक सर्बजिंदर सिंह भुल्लर ने बताया कि वह कुछ दिन से बाहर गया हुआ था। कैश बैंक में जमा नहीं करवा पाए। उन्होंने कहा कि चोर ने कटर से दफ्तर के दरवाजे का शीशा काटा और वहां से अंदर प्रवेश करके नकदी चुराकर फरार हो गया। उनका दावा है कि चोरी करने आए युवक को पता था कि कैश कहां-कहां पड़ा है। इसलिए उसने उसी जगह को निशाना बनाया। थाना पीएयू के प्रभारी बृज मोहन का कहना है कि अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।