लुधियाना। पुरानी रंजिश के चलते जनकपुरी इलाके में कुछ युवकों ने एक युवक के साथ मारपीट की। उसे तेजधार हथियार से घायल करने के बाद आरोपी उसे अगवा कर ले गए। गाड़ी में मारपीट करने के बाद आरोपी पीड़ित को इस्लामगंज के पास फेंक कर फरार हो गए। घायल को सिविल अस्पताल दाखिल कराया गया। थाना डिविजन दो की पुलिस ने गणेश नगर निवासी राकेश कुमार महंदी की शिकायत पर शंटी, बंटी, प्रिंस, प्रेम, हीरो, हैप्पी, लक्की, गोरा और दस अन्य के खिलाफ मारपीट कर अपहरण का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है।
राकेश कुमार की शिकायत के मुताबिक कुछ दिन पहले आरोपियों के साथ उसका किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। उसी रंजिश के चलते बीस जून को आरोपियों ने उसे जनकपुरी गली नंबर 13 में रोक कर मारपीट की और उसे गाड़ी में अगवा कर अपने साथ ले गए। आरोपियों ने गाड़ी में उसके साथ मारपीट कर उसे इस्लामगंज के पास फेंक कर फरार हो गए। इसके बाद राकेश ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।
इसी मामले में पुलिस ने इस्लामगंज निवासी राजदीप सिंह की शिकायत पर राकेश कुमार महंदी, करण वर्मा, सुरिंदर मेहंदी और अन्य के खिलाफ क्रास केस दर्ज किया है। राजदीप सिंह की शिकायत के मुताबिक वह कुछ दिन पहले दूध लेने के लिए घर से निकला था तो आरोपियों ने उसे मारपीट कर घायल कर दिया। वह अपने बचाव के लिए घर में घुस गया। आरोपी घर का दरवाजा तोड़ कर अंदर घुस उसके साथ मारपीट की। थाना डिविजन दो के एसएचओ इंस्पेक्टर विजय कुमार ने बताया कि अभी दोनों गुटों में से कोई भी व्यक्ति पुलिस के हाथ नहीं लगा है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।