संगरूर। पंजाब सहित अन्य राज्यों में ट्रक व ट्रालों के टायर रिम चोरी करने वाले गिरोह के दो शातिरों और एक व्यापारी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनसे 40 टायर और 15 रिम बरामद किए हैं।
एसपी (जांच) हरिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने दो जून को बस स्टैंड छाजला के समीप नाकाबंदी के दौरान सूचना के आधार पर गिरोह के शलिंदर सिंह और सुखचैन सिंह को ट्रक समेत उस समय गिरफ्तार किया जब यह दोनों व्यापारी विजय कुमार निवासी मारकंडा हरियाणा को चोरी के टायर व रिम बेचने के लिए जा रहे थे। इनके ट्रक में से पुलिस ने नौ टायर और आठ रिम बरामद किए। पुलिस ने विजय कुमार व्यापारी की दुकान पर छापामारी करके 20 टायर बरामद किए। पूछताछ दौरान सामने आया कि मनदीप सिंह निवासी लाड़वा हरियाणा को भी आरोपी चोरी के टायर इत्यादि बेचते थे। पुलिस ने उसकी दुकान से भी 11 टायर व आरोपियों की निशानदेही पर घग्गर दरिया के पास झाड़ियों में छुपाए 7 रिम बरामद किए।
उन्होंने बताया कि दोनों व्यक्तियों के खिलाफ जिला पटियाला, मोहाली, कुरुक्षेत्र, कैथल, अंबाला, यमुनानगर, हरियाणा में भी ट्रक, ट्राला व टायर चोरी करने के कई मामले दर्ज हैं। शलिंदर सिंह को थाना जुलका जिला कुरुक्षेत्र, थाना कैथल के मामलों में अदालत ने भगौड़ा करार दिया है। पुलिस ने इन्हें अदालत में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल कर लिया है और पूछताछ दौरान कई अहम खुलासे होने की संभावना है।