पुलिस स्पष्ट नहीं कर पा रही कितने राउंड हुए फायर
चार दिनों तक आरोपी छिपे रहे ढाहणी के घर में
मानसा और बठिंडा पुलिस के साझे आपरेशन में पकड़ गए चार गैंगस्टर
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा। मानसा के गांव जटाणा खुर्द में मानसा और बठिंडा पुलिस की ओर से हुए एक साझे आपरेशन के दौरान गिरफ्तार किए चार गैंगस्टरों के मामले में पुलिस स्पष्ट नहीं कर पाई कि दोनों ओर से कितने राउंड फायर किए गए। शनिवार को आईजी एमएफ फारूकी ने प्रेसवार्ता में बताया कि गांव जटाणा खुर्द में स्थित एक ढाहणी में स्थित कुलविंदर सिंह किंदी के घर पर पांचों गैंगस्टर पिछले चार दिन से छिपे थे। आईजी ने बताया कि पुलिस ने रेकी करने के बाद शुक्रवार शाम को उस घर को चारों तरफ से घेर लिया था। जैसे ही पुलिस उस घर के अंदर गई तो गैंगस्टरों ने फायरिंग शुरू कर दी थी। जिसके जवाब में पुलिस ने भी आरोपियों पर फायरिंग की। लेकिन पुलिस ने भागने का प्रयास कर रहे चार गैंगस्टरों अक्सप्रीत सिंह, भारती सिंह, कर्मवीर सिंह, कर्मजीत सिंह को गिरफतार कर लिया था। लेकिन उनका पांचवां साथी जामन सिंह पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब हो गया। आईजी ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों से चार राइफल और तीन 315 बोर और एक 32 बोर का रिवालवर बरामद किया। आईजी ने दावा किया कि पुलिस को चकमा देकर फरार हुए पांचवें आरोपी जामन सिंह को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आईजी ने कहा कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। इन्हें अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। आईजी ने कहा कि पुलिस रिमांड के दौरान बड़े खुलासे हो सकते हैं।
देर रात तक गांव जटाणा के लोग रहे दहशत में
गांव जटाणा खुर्द की ढाहणी में स्थित एक घर के अंदर पुलिस एवं गैंगस्टरों के बीच हो रही फायरिंग की जैसे ही गांव के लोगों ने आवाज सुनी तो पूरे गांव के लोगों ने अपने घर के दरवाजे बंद कर लिए। पुलिस की ओर आरोपियों को गिरफ्तार कर ले जाने के बाद देर रात तक गांव वासी दहशत के साए में रहे।