मिनिस्टीरियल कर्मियों के खिलाफ केस दर्ज
बिना मंजूरी स्पीकर लगाकर धरना देने पर नौ नामजद और करीब डेढ़ सौ अज्ञात आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा। मांगों को लेकर सूबा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले मिनिस्टीरियल के थाना सिविल लाइन पुलिस ने बिना मंजूरी स्पीकर चलाने के आरोप में केस दर्ज किया है। केस में मेघ सिंह, मनजीत सिंह अध्यक्ष, केवल कृष्ण स्टेज सचिव, गुरतेज सिंह जिला अध्यक्ष, हरमेल सिंह कमेटी सदस्य, बलोर सिंह जनरल सचिव, सुखप्रीत सिंह, सुखदर्शन सिंह और प्रेम सिंह को नामजद करते हुए करीब डेढ़ सौ अज्ञात मुलाजिमों को आरोपी बनाया गया है।
थाना सिविल लाइन के सहायक थानेदार रघवीर सिंह ने बताया कि उक्त लोग मिनिस्टीरियल स्टाफ कार्यालय डिप्टी कमिश्नर से संबंधित है। आरोपियों ने ने बिना किसी मंजूरी से डिप्टी कमिश्नर के कार्यालय एवं रिहाइश के समीप स्टेज लगाकर स्पीकर के जरिये रोष प्रदर्शन कर नारेबाजी की । उन्होंने बताया कि पुलिस ने उक्त नौ लोगों और डेढ़ सौ के करीब अज्ञात लोगों पर ध्वनि प्रदूषण फैलाने और बिना किसी मंजूरी के रोष प्रदर्शन सड़क जाम करने के आरोप में केस दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।
दूसरी तरफ केस में नामजद मेघ सिंह का कहना था कि सरकार उनकी मांगों को पूरा नहीं करना चाहती, जिस के चलते मिनिस्टीरियल स्टाफ को सरकार ऐसे मामले दर्ज कर डराने धमकाने का प्रयास कर रही है। मुलाजिम सरकार के इशारे पर की गई पुलिस की कार्रवाई से डरने वाले नहीं है। मांगों की पूर्ति के लिए वह जेल जाने से भी पीछे नहीं हटेगें।